कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज में नई सीटी स्कैन मशीन का किया निरीक्षण, मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा
राजनांदगांव. कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने शुक्रवार को शासकीय मेडिकल कॉलेज पेंड्री का निरीक्षण किया और नवनिर्मित सीटी स्कैन मशीन एवं रेडियोडायग्नोसिस कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज की सेवाओं के प्रति आमजन का विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नई सीटी स्कैन मशीन का कार्य सितम्बर के पहले सप्ताह तक पूर्ण किया जाए ताकि मरीजों को शीघ्र सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रॉमा सेंटर के भूमिपूजन, कॉलेज परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना और कॉलेज प्रवेश द्वार निर्माण जैसे आगामी प्रोजेक्ट्स पर चर्चा की। उन्होंने सभी डॉक्टरों, नर्सों और स्टाफ से मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार की अपेक्षा की और नर्स व स्टाफ की काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज के बीच समन्वय बनाए रखने की बात कही। इस मौके पर डीन डॉ. पंकज लुका सहित वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।
प्रेस रिपोर्टर क्लब ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि जिले में सीटी स्कैन और रेडियोडायग्नोसिस जैसी सुविधा मिलना आमजन के लिए वरदान साबित होगा।