गणेश पंडाल के पास युवक पर चाकू से हमला, FIR दर्ज

गणेश पंडाल के पास युवक पर चाकू से हमला, FIR दर्ज

राजनांदगांव. शहर के दीवानपारा इलाके में गणेश पंडाल के पास शुक्रवार रात एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल युवक हिमांशु केमे (उम्र 20 वर्ष) ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता हिमांशु ने पुलिस को बताया कि वह अपने मित्रों अमन रजक, मोनु झा, प्रियांशु साहू और जानु शेख के साथ दीवानपारा स्थित जय गणेश उत्सव समिति के पंडाल में बैठा था। उसी समय जमातपारा के रहने वाले मयंक ठाकुर, सोनु यादव, अंकुश यादव, अमन यादव, दीपक पाठक और उसका बड़ा भाई बुलेट व एक्टिवा पर पहुंचे।

इन लोगों ने पंडाल के सामने बुलेट का एक्सीलेटर तेज़ी से दबाकर साइलेंसर से धमाकेदार आवाजें निकालनी शुरू कर दीं। जब हिमांशु ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपी भड़क गए और गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।

चाकू से वार और मारपीट

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी मयंक ठाकुर ने अपने पास रखे धारदार चाकू से हिमांशु पर हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने कुल्हे के पास गहरा जख्म हो गया और खून बहने लगा। इस दौरान अन्य आरोपियों ने हाथ, मुक्के और लात से उसकी पिटाई की।

घटना के दौरान पंडाल में मौजूद समिति सदस्यों ने बीच-बचाव किया, जिसके चलते स्थिति और गंभीर नहीं हो पाई। घटना के बाद सभी आरोपी अपने वाहनों से भाग निकले।

पुलिस कार्रवाई

कोतवाली थाना पुलिस ने हिमांशु की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम 1959 की धारा 25, 27 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(2), 191(3), 296(6) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच कर रहे हैं।