किराना दुकान में चोरी, पुलिस ने दर्ज किया मामला – अज्ञात चोर पर कार्यवाही शुरू

किराना दुकान में चोरी, पुलिस ने दर्ज किया मामला – अज्ञात चोर पर कार्यवाही शुरू

डोंगरगढ़. रेल्वे चौक स्थित न्यू पटियाला किराना दुकान में बीती रात चोरी की वारदात सामने आई है। दुकान मालिक हरमिंदर सिंह भाटिया, निवासी बुधवारी पारा, ने बताया कि उन्होंने 3 सितंबर की रात लगभग 9 बजे अपनी दुकान का शटर बंद कर ताला लगाकर घर लौटे थे। लेकिन अगले दिन 4 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे जब दुकान पहुंचे तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ था।

शटर उठाकर अंदर झांकने पर पता चला कि दुकान से करीब ₹6,000 नगद राशि और काजू-बादाम, शैम्पू, बिस्किट सहित लगभग ₹20,000 का किराना सामान गायब था। कुल मिलाकर करीब ₹26,000 की चोरी की गई है।

सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(2) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी एएसआई तुला राम बांक को सौंपी गई है।

दुकानदार ने बताया कि आसपास पूछताछ की गई लेकिन किसी ने भी संदिग्ध व्यक्ति को दुकान के आसपास आते-जाते नहीं देखा। फिलहाल पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी शुरू कर दी है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।