थाना दिवस में गूंजी जनसमस्याओं की आवाज, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दिया त्वरित निराकरण का आश्वासन

थाना दिवस में गूंजी जनसमस्याओं की आवाज, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दिया त्वरित निराकरण का आश्वासन

खैरागढ़. जिले में पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास व संवाद मजबूत करने की दिशा में थाना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सितम्बर माह के पहले गुरुवार को जिले के सभी थानों और चौकियों में यह कार्यक्रम हुआ। मुख्य आयोजन थाना गातापार में हुआ, जहां पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अभिषेक शांडिल्य (भा.पु.से.) और पुलिस अधीक्षक केसीजी लक्ष्य शर्मा (भा.पु.से.) की विशेष उपस्थिति रही।

ग्रामसभा जैसी माहौल में थाने पहुंचे लोग

थाना दिवस में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शैक्षणिक संस्थाओं और विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, ग्राम प्रमुख और कोटवार शामिल हुए। दूरस्थ व नक्सल प्रभावित थानों में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी और समस्याओं का तुरंत समाधान देखकर आमजन के चेहरे पर संतोष और प्रसन्नता साफ झलक रही थी।

पुलिस-जन संवाद का नया मंच

थाना दिवस का उद्देश्य ग्रामीणों व नागरिकों की समस्याओं को सुनना और तुरंत निराकरण करना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने खुलकर अपनी शिकायतें और सुझाव रखे। इनमें प्रमुख रूप से शराब बिक्री व सेवन, मादक पदार्थों की समस्या, नशीली दवाइयों का दुरुपयोग, यातायात नियमों की अनदेखी, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना, शैक्षणिक संस्थानों के बाहर खुलेआम सिगरेट पीना, आवारा मवेशियों से दुर्घटनाएं और साइबर अपराध से जुड़ी समस्याएं सामने आईं।

साइबर सुरक्षा और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी

वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर ही कई शिकायतों का निराकरण कराया और थाना प्रभारियों को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित जनसमूह को साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीके, नए आपराधिक कानूनों की जानकारी, महिला व बाल सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।

लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

अन्य थानों में भी अधिकारियों की मौजूदगी

थाना गातापार के अलावा जिले के अन्य थानों में भी वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार गौतम – थाना ठेलकाडीह व चौकी जालबांधा, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी खैरागढ़ प्रदीप येरेवार – थाना गंडई व छुईखदान, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गंडई मानक राम कश्यप – थाना खैरागढ़, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रमेश चंद्रा – थाना मोहगांव व साल्हेवारा, साइबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र वैष्णव – बकरकट्टा द्वारा इन सभी स्थानों पर भी स्थानीय समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान की पहल की गई।

सख्त संदेश: असामाजिक गतिविधियों पर नहीं होगी रियायत

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि जिले में शराबखोरी, नशेबाजी और असामाजिक गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थाना दिवस हर माह के प्रथम और तृतीय गुरुवार को आयोजित होगा, जिससे आम नागरिकों की समस्याओं का तत्काल समाधान हो और पुलिस-जन संबंध और अधिक मजबूत हों।