चैन स्नैचिंग करने वाला शातिर गिरोह खैरागढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ा, लाखों के आभूषण बरामद
खैरागढ़. पुलिस चौकी जालबांधा और साइबर सेल खैरागढ़ की संयुक्त कार्रवाई में चैन स्नैचिंग करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपीगणों ने बीते 21 अगस्त को ग्राम सलोनी में एक वृद्ध महिला को निशाना बनाकर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस ने घटना के महज कुछ दिनों के भीतर आरोपियों को पकड़ते हुए उनके कब्जे से लाखों के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए हैं।
21 अगस्त की दोपहर अज्ञात युवकों ने ग्राम सलोनी की एक वृद्ध महिला से पानी मांगने के बहाने उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी जालबांधा में अपराध क्रमांक 419/25 धारा 304(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।
इस तरह पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम ने तकनीकी और मुखबिर की मदद से ग्राम करमतरा निवासी मकसूदन साहू (21 वर्ष) पिता मानबोध साहू और ओमप्रकाश साहू (19 वर्ष) पिता संतोष साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चैन स्नैचिंग की घटना स्वीकार की। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटा गया सोने का मंगलसूत्र बरामद हुआ।
लाखों का मशरूका बरामद
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने रायपुर, धमतरी और बालोद जिलों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल लगभग 3.50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए। बरामद सामग्री में 03 नग सोने का लॉकेट, 02 नग सोने के नेकलेस, चांदी के बिछिया, कड़ा, अंगूठी, ताबीज, करधन, पायल आदि शामिल हैं।
जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अलग से इस्तगासा दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
खैरागढ़ पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्रवाई से क्षेत्र में विश्वास बढ़ा है। ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया।