प्रमाणित बीज उत्पादन से किसानों को अतिरिक्त आमदनी, पंजीयन की अंतिम तिथि 31 अगस्त

खैरागढ़. छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा खरीफ सीजन में संचालित प्रमाणित बीज उत्पादन कार्यक्रम से जुड़कर किसान सामान्य खरीदी दर की तुलना में अधिक लाभ कमा सकते हैं। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि प्रमाणित बीज से पारंपरिक बीज की अपेक्षा 10 से 15 प्रतिशत अधिक उपज मिलती है।

पिछले खरीफ में इस योजना से जुड़े किसानों को शासन की समर्थन मूल्य दर की तुलना में मोटे धान पर 743 रुपये, पतले धान पर 911 रुपये और सुगंधित धान पर लगभग 1344 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त लाभ मिला। औसतन किसानों को प्रति एकड़ करीब 15 हजार 600 रुपये और प्रति हेक्टेयर लगभग 40 हजार रुपये की अतिरिक्त आय हुई।

जिन किसानों के पास न्यूनतम 2.5 एकड़ भूमि है, वे मामूली शुल्क पर पंजीयन करा सकते हैं। फसल कटाई के बाद बीज प्रक्रिया केंद्र में धान जमा करने पर एक सप्ताह के भीतर 60 प्रतिशत भुगतान और बीज परीक्षण रिपोर्ट के बाद शेष राशि दी जाती है। इच्छुक किसान 31 अगस्त तक अपने जिले के बीज प्रक्रिया केंद्र में संपर्क कर सकते हैं।