ठेलकाडीह में अवैध शराब का साम्राज्य! — बच्चे से लेकर महिलाएं तक धंधे में शामिल, पुलिस-आबकारी दोनों विभाग मौन
जनवरी से अब तक केवल 17 प्रकरण, सैकड़ों जगहों पर खुलेआम बिक रही अवैध शराब — क्षेत्रवासियों ने जताई गहरी नाराजगी
खैरागढ़. ठेलकाडीह और उसके आसपास का इलाका इन दिनों अवैध शराब बिक्री का गढ़ बन चुका है। स्थिति इतनी गंभीर है कि अब इस धंधे में न सिर्फ पुरुष बल्कि महिलाएं और बच्चे भी सक्रिय रूप से शामिल हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में रोज़ाना शाम ढलते ही शराब की बोतलें खुलती हैं, और नशे में धुत लोग गलियों में झगड़े और तोड़फोड़ तक कर रहे हैं। आबकारी और पुलिस विभाग दोनों ही इस भयावह स्थिति के बीच मूकदर्शक बने हुए हैं।
हर गांव में चल रहा नशे का कारोबार
ठेलकाडीह ही नहीं, आसपास के पंचपेडी, महरूमखुर्द, महरूमकला, नागलदाह, गातापारकला, चारभाठा, सहसपुर दल्ली, तुलसीपुर, धौराभाठा, बुंदेलीकला, घोठिया और दामरी जैसे गांवों में भी अवैध शराब की बिक्री खुलेआम हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस और आबकारी विभाग दोनों को इसकी जानकारी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। स्थानीय निवासी ने बताया कि रोजाना गांव में शराब बेची जा रही है, लोग खुलेआम शराब पीकर गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। लेकिन पुलिस सिर्फ देखकर निकल जाती है।
जनवरी से अब तक केवल 17 केस — बाकी सब छूटे
जानकारी के मुताबिक जनवरी 2025 से अब तक आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ब), 34(1) और 34(2) के तहत कुल 17 मामले ही दर्ज किए गए हैं। इनमें 34(1)(ब) के तहत 10 प्रकरण दर्ज हुए हैं, जिनमें मुख्य आरोपी हैं — विजय साहू, प्रदुमन गंधर्व, काशीराम वर्मा, प्रदीप कुमार प्रजापति, ओमकार साहू, मोहन खरे, कौशल सिंह राजपूत और तीन महिलाएं — संगीता कुर्रे, ममता बाई सराठे और सुखम बाई बंजारे।
वहीं धारा 34(2) के तहत 5 मामले दर्ज हुए, जिनमें आरोपी हैं — पप्पू कुलदीप, रितेश मेश्राम, लखन साहू, प्रभा बाई साहू, प्रदुमन गंधर्व, साजन साहू, मयंक टंडन और एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।
इसके अलावा धारा 34(1) के तहत 2 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें राजाबाबू कराटे और कौशल कोसरे पर कार्रवाई की गई है। लेकिन जानकारों का कहना है कि ये कार्रवाई बूंद भर है — जबकि ज़मीन पर अवैध शराब का सैलाब बह रहा है।
आबकारी विभाग बिक्री लक्ष्य में व्यस्त, नियंत्रण में नाकाम
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आबकारी विभाग का पूरा ध्यान सरकार द्वारा तय राजस्व लक्ष्य पूरा करने पर है। कई ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि जब विभाग का लक्ष्य शराब बिक्री से राजस्व बढ़ाना हो, तब अवैध बिक्री रोकने की मंशा कहां से आएगी? जनवरी से अब तक सिर्फ दिखावटी कार्रवाई की गई है, और वहीं दूसरी ओर हर गली-मोहल्ले में अवैध शराब की गंध फैली हुई है।
77 शराब पीने वालों पर दर्ज हुआ एफआईआर — पर विक्रेता आज़ाद
नए साल से अब तक ठेलकाडीह पुलिस ने 77 शराब पीने वालों पर एफआईआर दर्ज की है, पर असल विक्रेताओं के खिलाफ मुकदमे बेहद सीमित हैं। ग्रामीणों का तर्क है कि जब तक शराब बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उपभोक्ताओं को पकड़ने से कुछ नहीं होगा। सिर्फ पीने वालों पर केस दर्ज कर पुलिस आंकड़े सुधार रही है, असली कारोबारी तो आराम से अगली खेप तैयार कर रहे हैं।
लोकल पुलिस की मिलीभगत से बढ़ी अवैध शराब बिक्री, प्रशासन बना मौन दर्शक- चतुर्वेदी
खैरागढ़ जनपद सदस्य मंजू चतुर्वेदी ने ठेलकाडीह क्षेत्र में बढ़ती अवैध शराब बिक्री पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि इसमें कोई दो राय नहीं कि अवैध शराब बिक्री लगातार बढ़ रही है और इसका सबसे बड़ा कारण स्थानीय पुलिस की लापरवाही और मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कुछ पुलिसकर्मी ही शराब माफियाओं को संरक्षण दे रहे हैं, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं और ग्रामीण असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस अब केवल शराब पीने वालों पर कार्रवाई कर रही है, जबकि असली विक्रेताओं और माफियाओं के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। मैं जल्द ही टीआई और एसपी से भी चर्चा करूंगी और सुनिश्चित करूंगी कि इस क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर कड़ा नियंत्रण लगे।
महिलाओं का अवैध शराब बिक्री में शामिल होना दुर्भाग्यपूर्ण - कोमल
मुढीपार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि महिलाओं का अवैध शराब बिक्री में शामिल होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह सरकार और पुलिस प्रशासन दोनों की नाकामी है कि अवैध शराब पर रोक नहीं लग पा रही। सरकार खुद नई-नई दुकानें खोल रही है, ऐसे में कार्रवाई की उम्मीद व्यर्थ है, फिर भी हम जल्द ही एसपी से मिलकर इस पर रोक लगाने ज्ञापन सौंपेंगे।
सरकार कर रही लगातार कार्रवाई - भोज
ठेलकाडीही भाजपा मंडल अध्यक्ष भोज बंजारे ने कहा कि सरकार अभी शराब बिक्री पर लगातार कार्रवाई कर रही है। टीआई से स्वयं बात करूंगा कि जहां भी अवैध शराब बिक्री की सूचना प्राप्त हो वहां पर कार्रवाई करें।
“अवैध शराब बिक्री में पुलिस की संलिप्तता का आरोप बेबुनियाद”-लक्ष्य शर्मा
जिला पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब बिक्री में पुलिस की किसी भी तरह की संलिप्तता का आरोप निराधार है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार अवैध शराब कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। बुंदेलीकला क्षेत्र से प्राप्त शिकायत 21 अक्टूबर को मिली थी, जिस पर जांच जारी है और यदि वहां बिक्री पाई जाती है तो कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शर्मा ने बताया कि ठेलकाडीह क्षेत्र दो जिलों की सीमा पर स्थित है, जहां शराब की आपूर्ति मुख्यतः जालबांध और डोंगरगढ़ भट्ठियों से होती है। इन क्षेत्रों में डोंगरगढ़ और खैरागढ़ पुलिस द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकांश तस्करों के प्रकरण खैरागढ़ और डोंगरगढ़ थानों में दर्ज हैं, इसलिए ठेलकाडीह थाने में मामले अपेक्षाकृत कम दिखाई देते हैं।
उन्होंने बताया कि यदि कोई भी व्यक्ति अवैध शराब विक्रेताओं की सूचना देता है, तो उसका नाम गोपनीय रखा जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में अब तक 30 सितंबर तक आबकारी एक्ट के तहत 877 मामले दर्ज किए गए हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर उपलब्धि है।