छत्तीसगढ़ पंचायत विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, खैरागढ़ और छुईखदान सीईओ बदले गए
खैरागढ़. छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए राज्यभर के 44 से अधिक अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस सूची में सबसे अहम बदलाव खैरागढ़ और छुईखदान जनपद पंचायत में किया गया है। लंबे समय से अनियमितताओं और शिकायतों के घेरे में रहे छुईखदान जनपद पंचायत सीईओ रवि कुमार को हटाकर जनपद पंचायत तिल्दा (रायपुर जिला) भेजा गया है। उनकी जगह केश्वरी देवांगन, जो पूर्व में मोहला-मानपुर अ.चौकी में विकास विस्तार अधिकारी थीं, को छुईखदान जनपद पंचायत का प्रभारी सीईओ नियुक्त किया गया है। इसी तरह, खैरागढ़ जनपद पंचायत प्रभारी सीईओ नारायण बंजारा को हटाकर सहायक परियोजना अधिकारी, जिला पंचायत मोहला-मानपुर अ.चौकी भेजा गया है, जबकि अकलतरा जनपद पंचायत सीईओ हिमांशु गुप्ता को खैरागढ़ का नया सीईओ बनाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, यह निर्णय पंचायत विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार लाने और भ्रष्टाचार की शिकायतों को देखते हुए लिया गया है। शासन का मानना है कि इन दोनों जनपद पंचायतों में प्रशासनिक स्तर पर सख्ती जरूरी थी। विभागीय आदेश में साफ कहा गया है कि सभी अधिकारियों को 10 दिनों के भीतर अपने नए कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा और आगामी माह से उनका वेतन भी नए कार्यालय से ही आहरित किया जाएगा।
तबादले की इस सूची में केवल खैरागढ़ और छुईखदान ही नहीं, बल्कि राजनांदगांव, बेमेतरा, धमतरी, कोरबा, बिलासपुर, महासमुन्द, गारियाबंद, कोरिया, मुंगेली, कबीरधाम, रायपुर, बलौदाबाजार, सरगुजा, दंतेवाड़ा और बस्तर सहित कई जिलों के अधिकारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री की मंजूरी से जारी इस आदेश का तत्काल प्रभाव से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसे पंचायत विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।