जनहित या निजी खेल? मिशन संडे पर कांग्रेस का पलटवार
खैरागढ़. छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रसूति विशेषज्ञ डॉ. समीर रजक के इस्तीफ़े से उठे सियासी तूफ़ान ने कांग्रेस खेमे में गुटबाज़ी की तस्वीर साफ कर दी है। डॉक्टर के समर्थन में कांग्रेस नेता देवराज किशोर दास के आरोपों के बाद, सोमवार को कांग्रेस संगठन ने प्रेस वार्ता कर अपनी स्थिति स्पष्ट की। संगठन ने दो टूक कहा कि “मिशन संडे नामक किसी संस्था से कांग्रेस पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है।”
कांग्रेस का स्पष्टीकरण : मिशन संडे नहीं कांग्रेस का कार्यक्रम
जिलाअध्यक्ष गजेन्द्र ठाकरे और अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मूल सिद्धांत जनसेवा, त्याग और तपस्या रहा है। अवैध वसूली या ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों से पार्टी का कोई संबंध नहीं हो सकता। उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर कोई कांग्रेस सदस्य इस तरह के कार्यों में लिप्त पाया जाता है तो उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।
विधायक पर सवाल, संगठन ने साधी चुप्पी
प्रेस वार्ता के दौरान जब पत्रकारों ने सवाल किया कि मिशन संडे विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा और उनके प्रतिनिधि मनराखन देवांगन के निर्देशन में चलाया जा रहा है, तो संगठन के नेताओं ने असहज होकर कहा कि यदि यह सच है तो यह विधायक का निजी अभियान है, संगठन का नहीं।
इस जवाब ने साफ कर दिया कि कांग्रेस संगठन और विधायक के बीच दूरी बढ़ चुकी है।
संगठन के बेतुके जवाब, पत्रकारों ने कसे तंज
पत्रकारों ने जब ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली पर सीधा सवाल किया, तो संगठन ने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने भी यह बातें अखबारों और सोशल मीडिया से पढ़ी हैं। हमें मिशन संडे टीम की गतिविधियों की कोई जानकारी नहीं है, संगठन का यही बचाव रहा।
जनहित के मुद्दे उठाने पर संगठन ने कहा कि यह सराहनीय है, लेकिन यदि वसूली की बात सच है तो यह निंदनीय है।
गुटबाज़ी खुलकर आई सामने
इस पूरे विवाद ने कांग्रेस में आंतरिक खींचतान को उजागर कर दिया है। एक ओर विधायक समर्थित मिशन संडे है, तो दूसरी ओर संगठन है, जो अब खुद को अलग बताने में जुटा है।
देवराज किशोर दास, जिन्होंने सबसे पहले आरोप लगाए थे, वे खुद इस प्रेस वार्ता से नदारद रहे, जिससे अटकलें और गहरी हो गईं।
प्रेस वार्ता में मौजूदगी
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजेन्द्र ठाकरे, शहर ब्लॉक अध्यक्ष भीखमचंद छाजेड़, ग्रामीण अध्यक्ष आकाशदीप गोल्डी, छुईखदान ब्लॉक अध्यक्ष रामकुमार पटेल, गंडई अध्यक्ष भिगेश यादव, कोमल साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे