खैरागढ़ में एंबुलेंस की रफ्तार बनी मौत का पहिया, बाइक सवार की मौके पर मौत
खैरागढ़. जिस एंबुलेंस से लोगों की जान बचाने की उम्मीद रहती है, वही एंबुलेंस अब लापरवाह चालकों की वजह से मौत का पहिया बनती जा रही है। जिले में एंबुलेंस की तेज रफ्तार और लापरवाही के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कुछ दिन पहले ही साईं मंदिर के पास एंबुलेंस ने मोपेड को टक्कर मारकर युवती को गंभीर रूप से घायल किया था। अब एक और दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है।
दाऊचौरा नाका में हुआ भीषण हादसा
राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज से मरीज को गातापार जंगल छोड़कर लौट रही एंबुलेंस दाऊचौरा नाका के पास बेकाबू हो गई। खैरागढ़ की ओर से आ रहे बाइक सवार रविकांत साहू (27 वर्ष), पिता नेकराम साहू, ग्राम दिवान झीटिया, डोंगरगांव को एंबुलेंस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस बगल में बने पंकज कोसरे के घर की बाउंड्रीवाल तोड़ते हुए सीधे मकान के अंदर जा घुसी। संयोग अच्छा रहा कि उस समय परिवार के लोग घर पर मौजूद नहीं थे, वरना हादसा और भयावह हो सकता था।
बाइक सवार की मौत, चालक नशे में धुत्त
हादसे में गंभीर रूप से घायल रविकांत को पुलिस गश्ती वाहन से तत्काल सिविल अस्पताल खैरागढ़ लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच में सामने आया कि एंबुलेंस चालक गोविंद पटेल (21 वर्ष), निवासी बाँकल, राजनांदगांव शराब के नशे में धुत्त था।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।