नशेबाजों पर केसीजी पुलिस का शिकंजा, गंडई थाने में 50 से अधिक लोगों की परेड
खैरागढ़. जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार सख्त होता जा रहा है। इसी कड़ी में गंडई थाना क्षेत्र में बुधवार को बड़ी कार्रवाई की गई। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हंगामा करने वाले 50 से ज्यादा लोगों की पुलिस ने थाने में परेड कराई। इस दौरान नशेबाजों को सख्त चेतावनी दी गई और नशे के दुष्प्रभावों पर निबंध लिखवाकर विशेष हिदायत दी गई।
लगातार दूसरे दिन हुई कार्रवाई
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही खैरागढ़ थाने में भी इसी तरह की कार्यवाही की गई थी। पुलिस का कहना है कि पूरे जिले में नशे और नशेबाजों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
नशा छोड़ने की दी विशेष हिदायत
थाना गंडई में पकड़े गए सभी लोगों को नशे के नुकसान समझाए गए और लिखित रूप में नशा न करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे की वजह से आपराधिक गतिविधियां और सामाजिक अव्यवस्था बढ़ती है, इसलिए इस पर सख्ती जरूरी है।
नागरिकों से अपील
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशामुक्त वातावरण बनाने में सहयोग दें और नशे की गतिविधियों की सूचना पुलिस को तुरंत दें। पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।