ग्राम पंचायत देवरी में अवैध कब्जे पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से मकान और बाउंड्रीवाल ढहाया गया

ग्राम पंचायत देवरी में अवैध कब्जे पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से मकान और बाउंड्रीवाल ढहाया गया

खैरागढ़. खैरागढ़ ब्लॉक के वनांचल ग्राम देवरी में गुरुवार 11 सितंबर को पंचायत की अगुवाई में अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। राजस्व और पुलिस विभाग के अमले की मौजूदगी में शासकीय भूमि पर बने पक्के मकान और बाउंड्रीवाल को जेसीबी से तोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत देवरी के बाजार चौक स्थित खसरा नंबर 434 और 707 (मिनी माता मूर्ति स्थापना स्थल के पास) की शासकीय भूमि पर मनोज गेंडरे द्वारा अवैध कब्जा कर मकान व बाउंड्रीवाल बना लिया गया था। पंचायत द्वारा तीन बार नोटिस देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 56 के तहत कार्रवाई का निर्णय लिया और राजस्व न्यायालय को सूचना दी।

गुरुवार को एसडीओ (राजस्व) के निर्देश पर तहसीलदार भूपेंद्र नेताम, राजस्व निरीक्षक इटार, पटवारी कृष्ण कुमार पटेल, पुलिस बल और ग्राम पंचायत अमले की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। जेसीबी चलाकर मकान और बाउंड्रीवाल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

अतिक्रमण विरोधी इस कार्रवाई में सरपंच गंगोत्री वर्मा, सचिव नाज़नीन नियाज़ी, उप सरपंच विनोद वर्मा, पंच तेजराम वर्मा, योगिराज साहू, नानुक ध्रुवे समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्राम पंचायत सचिव नाज़नीन नियाज़ी ने बताया कि यह कार्रवाई ग्रामीणों की सहमति और कानून के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ग्रामीणों ने भी पंचायत की इस कार्रवाई का स्वागत किया और कहा कि इससे गांव में गलत परंपरा पर रोक लगेगी और सार्वजनिक जमीन सुरक्षित रहेगी।