शताक्षी सिंह ने निभाया वादा, बीजलदेही में नाली निर्माण का भूमिपूजन
खैरागढ़. जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 09 की सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह ने चुनावी वादा पूरा करते हुए ग्राम बीजलदेही के वार्ड क्रमांक 10, बजरंग पारा में नाली निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र में शुक्रवार को हुए भूमिपूजन में उनके भाई आर्यव्रत देवव्रत सिंह ने विधिवत शुभारंभ किया।
ग्रामीणों ने बताया कि हर साल बरसात में गलियों में पानी भर जाता था, जिससे गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता था। अब नाली बनने से इस समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में आर्यव्रत सिंह ने कहा, “ग्रामीणों से किए गए वादे निभाना हमारा कर्तव्य है। विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।” वहीं सरपंच तेजराम वर्मा ने पूर्व सांसद स्व. राजा देवव्रत सिंह के योगदान को याद किया और कहा कि उनके प्रयासों से बना पुल आज भी क्षेत्र की जीवन रेखा है।
शताक्षी सिंह ने संदेश में कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है, आने वाले समय में और भी विकास कार्य होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। भूमिपूजन के बाद आर्यव्रत सिंह ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और गणेश आरती में भी शामिल होकर श्रद्धालुओं से आशीर्वाद लिया।