किशोर शर्मा को मिला राज्य का सर्वोच्च शिक्षक सम्मान
खैरागढ़. राज्यपाल सचिवालय रायपुर में 5 सितम्बर को आयोजित समारोह में महामहिम राज्यपाल रमेन डेका ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के माध्यमिक शाला बैहाटोला के प्रधान पाठक किशोर शर्मा और प्राथमिक शाला मरत कठेरा के प्रधान पाठक राजेश प्रजापति को राज्य का सर्वोच्च राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
किशोर शर्मा को यह सम्मान शिक्षा में किए गए नवाचारों और समर्पण के लिए मिला। उन्होंने नई शिक्षा नीति 2020 को अपनाते हुए खेल, कला और गतिविधियों से पढ़ाई को आनंददायक बनाया। उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बेगलेस स्कूल पहल शुरू हुई। उनके छात्र लगातार राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य परीक्षा में सफल हो रहे हैं और प्रयास आवासीय विद्यालयों में चयनित हो रहे हैं।
समारोह में राज्यपाल डेका ने कहा कि स्कूल का भवन नहीं, बल्कि उसके अंदर दी जाने वाली शिक्षा महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता बताया, वहीं मंत्री गजेंद्र यादव ने नई शिक्षा नीति को शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाला कदम बताया