खैरागढ़ डाइट परिसर में करियर स्टूडियो “प्रज्ञावृत्ति” का शुभारंभ

खैरागढ़ डाइट परिसर में करियर स्टूडियो “प्रज्ञावृत्ति” का शुभारंभ

जिले के युवाओं को शिक्षा व करियर मार्गदर्शन का मिलेगा नया मंच

खैरागढ़. शिक्षक दिवस पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में शिक्षा और करियर मार्गदर्शन के लिए एक ऐतिहासिक पहल की गई। डाइट परिसर में करियर स्टूडियो “प्रज्ञावृत्ति” का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार के मुख्य आतिथ्य और जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन

प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने कहा कि करियर स्टूडियो से जिले के युवाओं को अब स्थानीय स्तर पर बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा। विक्रांत सिंह ने इसे जिला प्रशासन की सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि प्रज्ञावृत्ति पूरे छत्तीसगढ़ के लिए रोल मॉडल साबित होगा।

कलेक्टर ने बताया उद्देश्य

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि प्रज्ञावृत्ति का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि यह स्टूडियो हाइब्रिड मोड पर संचालित होगा, जिसमें लाइव प्रसारण, रिकॉर्डिंग और फेस टू फेस मार्गदर्शन की सुविधा रहेगी।

चार चरणों में प्रशिक्षण

समन्वयक डॉ. मकसूद ने जानकारी दी कि चार चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षित व्याख्याता हाइब्रिड मोड पर छात्रों को मार्गदर्शन देंगे। साथ ही क्वेरी समाधान के लिए विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे। स्टूडियो से वीडियो कॉन्फ्रेंस, वेबिनार और हेल्पलाइन के जरिये भी छात्रों को सहयोग मिलेगा।

बड़ी संख्या में उपस्थिति

शुभारंभ अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, जनपद अध्यक्ष राजेश्री शैलेंद्र त्रिपाठी, उपाध्यक्ष लखन साहू, राजू जंघेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, विद्यार्थी और शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे