साइकिल से बढ़ेगी बेटियों की रफ्तार, शिक्षा की राह होगी आसान
ठेलकाडीह. सरकार की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत मंगलवार को राजनांदगांव ब्लॉक के सहसपुर दल्ली हाईस्कूल में छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में एसएमडी अध्यक्ष संतराम नागपुरे, संस्था की प्राचार्य मीरा वर्मा, शिक्षक कवल मिश्रा, मंजू साहू सहित पंचगण और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे।
नागपुरे ने कहा कि यह योजना बेटियों की पढ़ाई को सुगम बनाने के लिए मील का पत्थर साबित हो रही है। साइकिल मिलने से ग्रामीण छात्राओं को समय पर स्कूल पहुंचने में आसानी होगी और वे पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान दे पाएंगी।
इस अवसर पर 22 छात्राओं को साइकिल दी गई। इससे पूर्व 5 छात्राओं को भी निःशुल्क साइकिल मिल चुकी है। कुल 27 छात्राओं को अब तक इस योजना का लाभ मिल चुका है।
साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी झलक उठी। उन्होंने कहा कि अब लंबी दूरी की चिंता किए बिना वे समय पर स्कूल पहुंच पाएंगी और पढ़ाई जारी रख सकेंगी।