विश्वविद्यालय में नशामुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य पर व्याख्यान संपन्न

विश्वविद्यालय में नशामुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य पर व्याख्यान संपन्न

खैरागढ़. इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में बुधवार को नशामुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो.(डाॅ.) लवली शर्मा के मार्गदर्शन में कैम्पस-2 स्थित प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सेंट्रल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो साइंस, राजनांदगांव के निदेशक डाॅ. प्रमोद गुप्ता रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव, नशे की प्रवृत्ति और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। डाॅ. गुप्ता ने कहा कि आज के समय में युवा प्रतिस्पर्धा, करियर, रिश्तों और पारिवारिक दबाव के चलते तनाव में आकर नशे और आत्महत्या की ओर बढ़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 53 प्रतिशत लोग ओवरडोज नशे की चपेट में हैं, जिसका प्रमुख कारण तनाव है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल-लैपटॉप के अति प्रयोग से बचने, नियमित दिनचर्या बनाने, परिवार को समय देने और 8 घंटे की नींद लेने की सलाह दी।

व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य और भविष्य की चुनौतियों से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका डाॅ. गुप्ता ने समाधान प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिष्ठातागण प्रो. राजन यादव, प्रो. नमन दत्त, सहायक कुलसचिव विजय कुमार सिंह सहित शिक्षकगण, शोधार्थी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन अधिष्ठाता छात्र कल्याण संघ डाॅ. देवमाईत मिंज ने किया