खाद की कालाबाजारी पर कलेक्टर की सख्ती : एक एजेंसी का लाइसेंस रद्द, तीन विक्रेताओं को नोटिस
खैरागढ़. जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और अधिक दाम पर बिक्री रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम लगातार छापामार कार्रवाई कर रही है। इसी दौरान खैरागढ़ की मेसर्स गुलाब एग्रो एजेंसी में गड़बड़ी पकड़ में आने पर उसका उर्वरक लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।
निरीक्षण में उजागर हुई अनियमितताएं
उर्वरक निरीक्षक लुकमान साहू की अगुवाई में जांच टीम ने जिले के कई निजी उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मनोज कृषि केन्द्र छुईखदान, गणपती कृषि केन्द्र खैरानवापारा, यादव कृषि केन्द्र गंडई में अनियमितता पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं, अन्य प्रतिष्ठानों को नियमों के पालन की हिदायत दी गई।
किसानों से सीधी अपील
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी विक्रेता द्वारा कालाबाजारी, अवैध बिक्री या मनमानी कीमत वसूली की शिकायत मिलते ही कार्रवाई होगी। किसानों से अपील की गई है कि यदि कहीं इस तरह की गतिविधि नजर आए तो तुरंत संबंधित कृषि अधिकारी को सूचना दें।
खरीफ सीजन में खाद का वितरण
वर्तमान खरीफ सीजन के लिए जिले में सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं के माध्यम से खाद उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक किसानों को 14,368 मी.टन यूरिया, 6,284 मी.टन डीएपी, 9,644 मी.टन एनपीके, 2,144 मी.टन पोटाश, 5,126 मी.टन एसएसपी का वितरण किया जा चुका है। किसानों की बढ़ती मांग को देखते हुए जिले में 400 मी.टन यूरिया सेवा सहकारी समितियों में और 300 मी.टन डबल लॉक गोदामों में सुरक्षित भंडारित किया गया है, ताकि समय पर किसानों तक खाद की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।