संडी चूना पत्थर ब्लॉक जनसुनवाई रद्द करने की माँग — जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
उपजाऊ भूमि बचाने और किसानों के हितों की रक्षा की अपील
पार्टी ने कहा— सीमेंट फैक्ट्री से क्षेत्र का भविष्य खतरे में
खैरागढ़. संडी चूना पत्थर ब्लॉक और प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री को लेकर किसानों में बढ़ती चिंता के बीच जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने सोमवार को एसडीएम छुईखदान को ज्ञापन सौंपकर 11 दिसंबर को बुंदेली में तय जनसुनवाई को तत्काल निरस्त करने की मांग की। पार्टी के जिला अध्यक्ष तेजस जंघेल ने कहा कि फैक्ट्री स्थापना से क्षेत्र की उपजाऊ त्रिफसलीय जमीन बर्बाद हो जाएगी और हजारों किसान प्रभावित होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि खनन व औद्योगिक प्रदूषण से आसपास के गांवों की आबादी को भी गंभीर स्वास्थ्य और पर्यावरणीय संकट झेलना पड़ेगा। ऐसे में किसानों की आजीविका, कृषि परंपरा और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए जनसुनवाई रोकना समय की आवश्यकता है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भगवती निषाद, तरन, धनेश पटेल और हेमराज सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में कहा कि किसान किसी भी कीमत पर अपनी उपजाऊ भूमि का विनाश स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि जनता की वास्तविक भावनाओं और हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रस्तावित जनसुनवाई रद्द कराई जाए। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि कृषि पर आधारित है, और खनन परियोजना से यही आधारभूत संरचना पूरी तरह संकट में पड़ सकती है।