बांसभीरा में होगी श्रीराम कथा, तुलसीदास जन्मोत्सव पर विशेष आयोजन
खैरागढ़. आध्यात्मिक वातावरण और भक्ति की सरिता बहाने की तैयारी में ग्राम बांसभीरा पूरी तरह से सज-धज रहा है। श्री तुलसी मानस प्रतिष्ठान छत्तीसगढ़, ब्लॉक इकाई साल्हेवारा क्षेत्र क्रमांक 01 के तत्वावधान में श्री संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास जन्मोत्सव पर भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम 10 सितंबर बुधवार से 12 सितंबर शुक्रवार तक चलेगा। उद्घाटन दिवस पर सुबह 8 बजे से 9 बजे तक स्वागत समारोह रखा गया है, जिसमें क्षेत्र के संत-समाज और गणमान्यजन शामिल होंगे।
कार्यक्रम में रामकथा वाचक प्रवचन देंगे और तुलसीदास जी के जीवन, आदर्शों व उनके अमर ग्रंथ रामचरितमानस से जुड़ी प्रेरणादायी बातें साझा करेंगे। आयोजकों ने बताया कि कथा के माध्यम से समाज में भक्ति, सदाचार और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया जाएगा।
गांव के समस्त नागरिकों और प्रतिष्ठान सदस्यों ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे सहपरिवार पधारकर धर्ममय आयोजन का लाभ लें और भक्ति रस में डूबकर स्वयं को धन्य करें।