नागार्जुन रत्न अलंकरण से सम्मानित होंगे नवाचारी शिक्षक शैलेश सोनी
खैरागढ. शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और रचनात्मक कार्यों के लिए विकासखंड छुईखदान के शासकीय प्राथमिक शाला नवागांव लोधी के शिक्षक शैलेश कुमार सोनी को इस वर्ष नागार्जुन रत्न अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
यह सम्मान प्राकृतिक शिक्षक विज्ञान यात्रा संस्थान द्वारा उन शिक्षकों को प्रदान किया जाता है, जो शिक्षा के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रचार, विज्ञान प्रसार, प्रकृति संरक्षण और खेलकूद जैसी गतिविधियों में विशेष योगदान देते हैं।
संस्थान ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह शिक्षकों की रचनात्मकता और बहुआयामी कार्यों पर आधारित होती है। इन्हीं मानकों पर खरे उतरते हुए शैलेश सोनी को इस सम्मान के लिए चुना गया है।
सम्मान समारोह 8 सितंबर को कुरुद, धमतरी में आयोजित होगा, जहां प्रदेशभर से चयनित शिक्षकों को अलंकृत किया जाएगा। शैलेश सोनी के चयन की खबर से विद्यालय और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।