नन्हें बच्चों ने अनोखे अंदाज में किया शिक्षकों का सम्मान
खैरागढ़. प्राथमिक शाला नवागांवकला में इस बार शिक्षक दिवस बेहद खास रहा। यहां बालकेबिनेट के नन्हें सदस्यों ने अपने शिक्षकों को सरप्राइज देते हुए ऐसा सम्मान समारोह आयोजित किया, जिसने सभी का दिल छू लिया।
प्रधानमंत्री मोना वर्मा, उपप्रधानमंत्री मीरा वर्मा और अन्य सदस्यों – बलबीर वर्मा, वर्षा वर्मा, भावना साहू, पीहू यादव, नीति, गीतांजलि, तन्मय और भूषण ने मिलकर कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी संभाली। बच्चों ने शाला को गुब्बारों से सजाया, अपने पॉकेटमनी से केक मंगवाए और हाथों से बने कार्ड्स व पेन के जरिए शिक्षकों को सम्मानित किया।
प्रधान पाठक सुनीता ठाकुर, शिक्षिका नैना वर्मा और मानसेवी शिक्षिका हिमानी का स्वागत फूलों की वर्षा और सुंदर ताज पहनाकर किया गया। बच्चे खुद शिक्षक की भूमिका में नजर आए और गीत, कविता व अन्य प्रस्तुतियों से समा बांध दिया।
इस स्नेहिल आयोजन से शिक्षकों की आंखें नम हो गईं। उन्होंने बच्चों को शिक्षक दिवस के महत्व की जानकारी दी और मिठाई व चॉकलेट बांटकर आशीर्वाद दिया। विद्यालय परिवार, पालकों और जनप्रतिनिधियों ने बच्चों की इस पहल की खूब सराहना की।