लॉज के बाथरूम में युवक ने लगाई फांसी, इलाके में मची सनसनी
खैरागढ़. नगर के जय स्तंभ चौक स्थित आशीष लॉज में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव बाथरूम में फंदे से झूलता मिला। मृतक की पहचान रायपुर के सीतानगर वार्ड क्रमांक-3 निवासी करण पाल (27 वर्ष) पिता डोमन पाल के रूप में हुई है।
30 अगस्त को बुक कराया था कमरा
पुलिस सूत्रों के अनुसार करण 30 अगस्त को खैरागढ़ पहुंचा था। उसने आशीष लॉज के रूम नंबर 306 को बुक कराया और मैनेजर को बताया कि वह घूमने आया है। 1 सितंबर को आखिरी बार उसे कमरे से बाहर निकलते देखा गया था। इसके बाद से कमरे का दरवाज़ा बंद ही रहा।
दुर्गंध से खुला राज
गुरुवार सुबह कमरे से तेज़ दुर्गंध आने पर लॉज प्रबंधन को शक हुआ। कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी और उनकी मौजूदगी में दरवाज़ा तोड़ा गया। अंदर का नज़ारा देखकर हर कोई दंग रह गया। युवक का शव बाथरूम में पलंग की चादर से फांसी पर लटक रहा था।
सामान नहीं मिला, सिर्फ मोबाइल बरामद
पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन वहां कोई बैग, कपड़े या निजी सामान नहीं मिला। केवल एक कीपैड मोबाइल बरामद हुआ है। इस वजह से घटना को लेकर रहस्य और गहरा गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी