ग्राम कलेवा में शुरू हुआ एक पेड़ अपने पूर्वज के नाम अभियान
खैरागढ़. ग्राम कलेवा में सोमवार को पर्यावरण संरक्षण और परंपरा के सम्मान को जोड़ते हुए “एक पेड़ अपने पूर्वज के नाम” अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर को ग्रामवासियों ने त्यौहार की तरह मनाते हुए सामूहिक सहभागिता से वृक्षारोपण किया।
पूर्वजों की याद में लगाए फलदार वृक्ष
ग्रामवासियों ने अपने पूर्वजों की स्मृति में ग्राम के गोठान परिसर में आम, नीम, करंज सहित विभिन्न फलदार और उपयोगी वृक्ष लगाए। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगे ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए यह हरे-भरे वृक्ष पर्यावरण और जीवन का आधार बन सकें।
शिक्षकों और ग्रामीणों का विशेष सहयोग
अभियान में ग्राम के शिक्षक सुनील वर्मा, नंदकुमार वर्मा, भुवनेश्वर कोर्राम, केशव वर्मा, अनिल वर्मा और लोकेश्वर वर्मा ने आर्थिक एवं श्रमदान से योगदान दिया। वहीं, अध्यक्ष संतन वर्मा, सदस्य रामनरेश जांगड़े, आजू वर्मा, प्रहलाद यादव, लुमेश गंधर्व (सरपंच) और ग्राम के अन्य नागरिकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
सामूहिक प्रयास से सफल बना आयोजन
ग्राम कलेवा के सभी लोगों ने एकजुट होकर इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान वातावरण में उत्साह और आत्मीयता झलक रही थी। ग्रामीणों का मानना है कि पूर्वजों की याद में लगाया गया यह वृक्ष न केवल पर्यावरण की रक्षा करेगा बल्कि समाज में एक नई परंपरा की नींव भी डालेगा