जिला स्तरीय लक्ष्य प्रतिभा सम्मान समारोह में 270 होनहार विद्यार्थियों का सम्मान

जिला स्तरीय लक्ष्य प्रतिभा सम्मान समारोह में 270 होनहार विद्यार्थियों का सम्मान

खैरागढ़. लोधी अधिकारी कर्मचारी का बौद्धिक संगठन लक्ष्य द्वारा आयोजित जिला स्तरीय लक्ष्य प्रतिभा सम्मान एवं कैरियर गाइडेंस समारोह रविवार को मंगल भवन, छुईखदान में गरिमामय माहौल के बीच सम्पन्न हुआ।

दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ आगाज़

कार्यक्रम की शुरुआत रानी अवन्तिबाई लोधी, लोधेश्वर महादेव भगवान एवं ब्रह्मानंद जी के तैलचित्र पर पूजन और माल्यार्पण से हुई। इसके बाद राजकीय गीत की प्रस्तुति कु. प्रियंका जंघेल (पीएचडी स्कॉलर, यूनिवर्सिटी खैरागढ़) ने दी। स्वागत गीत कु. भूमिका वर्मा (लोक संगीत विभाग, यूनिवर्सिटी खैरागढ़) ने प्रस्तुत किया। इसी क्रम में साखा और बाईकटोरी स्कूल की छात्राओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

270 प्रतिभाओं और शिक्षकों का हुआ सम्मान

समारोह में जिले के करीब 270 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें 10वीं-12वीं में 75% से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राएँ, नवोदय, प्रयास आवासीय विद्यालय, सैनिक स्कूल, नीट चयनित विद्यार्थी एवं राष्ट्रीय स्तर पर चयनित खिलाड़ी शामिल रहे। सभी को प्रतीक चिन्ह, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही सेवानिवृत्त शिक्षकों का अभिनंदन किया गया तथा महेश वर्मा और चेतराम वर्मा को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से नवाजा गया। नवनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी मोमेंटो देकर स्वागत किया गया।

मुख्य वक्ताओं ने दी कैरियर गाइडेंस

जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा, फाइव डी साइनएजेस रायपुर के फाउंडर सुशील पटेल, आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर डॉ. शैलेन्द्र जंघेल और भेल तिल्दा के मैकेनिकल इंजीनियर बिरेंद्र वर्मा ने बच्चों को कैरियर मार्गदर्शन देते हुए जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

मंच पर जुटे जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी

समारोह में विधायक खैरागढ़ यशोदा नीलांबर वर्मा, पूर्व विधायक कोमल जंघेल और गिरवर जंघेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। लक्ष्य संगठन के जिला एवं सर्किल स्तरीय पदाधिकारियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

जिला अध्यक्ष कोमल नारायण वर्मा और संयोजक मोरेश्वर वर्मा के साथ छुईखदान, खैरागढ़, गंडई और पांडादाह सर्किल के पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए। छत्तीसगढ़ लक्ष्य संगठन एवं राजनांदगांव जिले से आए पदाधिकारियों ने भी सहभागिता निभाई।

गरिमामयी उपस्थिति बनी प्रेरणा

कमलेश्वर लोधी, ज्योति जंघेल, उत्तम वर्मा, नंदकुमार चंदेल, मोतीलाल जंघेल, निर्मला विजय वर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति ने बच्चों के सम्मान समारोह को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया।

सफलता की ओर कदम

मंच संचालन जिला प्रचार सचिव महदीप जंघेल ने किया और आभार मोहन जंघेल ने व्यक्त किया। सभी पदाधिकारियों, अतिथियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से यह समारोह अत्यंत सफल रहा और प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने में मील का पत्थर साबित हुआ।