संघर्ष मंच आयोजित करेगा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता 2025, जिलेभर से होंगे प्रतिभागी शामिल
खैरागढ़. संघर्ष मंच द्वारा जिले में शैक्षिक जागरूकता को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से इस वर्ष द्वितीय बार सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के साथ ही मातृ जिला राजनांदगांव के प्रतिभागियों के लिए भी खुली रहेगी। प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 16 सितंबर तय की गई है। वहीं परीक्षा का आयोजन 28 सितंबर को किया जाएगा।
प्रतियोगिता को तीन आयु वर्गों में विभाजित किया गया है, जिनमें 8 से 14 वर्ष, 14 से 18 वर्ष और 18 से 40 वर्ष के प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रत्येक वर्ग के लिए अलग-अलग पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। 8 से 14 वर्ष वर्ग के लिए प्रथम पुरस्कार 3001 रुपये, 14 से 18 वर्ष वर्ग के लिए प्रथम पुरस्कार 5001 रुपये और 18 से 40 वर्ष वर्ग के लिए प्रथम पुरस्कार 10,001 रुपये रखा गया है। इसके अलावा हर आयु वर्ग के शीर्ष 10 प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। विशेष बात यह है कि विजेताओं को विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों की ओर से निःशुल्क शैक्षिक सुविधाएं और मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
पाठ्यक्रम में सामान्य ज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, तार्किक प्रश्न, खेल, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, छत्तीसगढ़ और राष्ट्रीय सामान्य अध्ययन शामिल किया गया है। परीक्षा का स्तर प्रतिभागियों की आयु वर्ग के अनुसार निर्धारित किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रवेश शुल्क भी तय किया गया है। 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के लिए प्रवेश शुल्क 50 रुपये और परीक्षा समय प्रातः 9 से 10 बजे होगा। 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लिए प्रवेश शुल्क 40 रुपये और परीक्षा समय 11 से 12 बजे होगा, वहीं 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के लिए प्रवेश शुल्क 30 रुपये और परीक्षा समय दोपहर 1 से 2 बजे निर्धारित किया गया है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी https://kgh.bestofluck.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।