महाबोधि महाविहार को बौद्ध समाज को सौंपने की मांग तेज, पीएम-सीएम के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
खैरागढ़. ऐतिहासिक और आस्था से जुड़े महाबोधि महाविहार को बौद्ध समाज को सौंपने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। सोमवार को बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायी रैली की शक्ल में जिला मुख्यालय पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम की शुरुआत त्रिरत्न वंदना और पंचशील पाठ से हुई। इसके बाद शांतिपूर्ण रैली के दौरान महाबोधि महाविहार बौद्धों को दो के नारे गूंजते रहे। अनुयायियों ने ज्ञापन में कहा कि बीटी एक्ट 1949 को निरस्त कर महाबोधि महाविहार का प्रबंधन बौद्ध समाज को सौंपा जाए, क्योंकि यह स्थल उनकी ऐतिहासिक और धार्मिक आस्था से जुड़ा है।
भदंत धम्मस्तप ने कहा कि वर्षों पुरानी मांग को अब और अनदेखा नहीं किया जा सकता। सरकार को तुरंत निर्णय लेकर महाविहार का अधिकार बौद्ध समाज को देना चाहिए। इस दौरान खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, डोंगरगांव, राजनांदगांव, कवर्धा समेत विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अनुयायी शामिल हुए।