गांव की सार्वजनिक जमीन पर खाद गड्ढा बना महामारी का खतरा, ग्रामीण ने की शिकायत
खैरागढ़. ग्राम बघमर्रा में सार्वजनिक एवं शासकीय भूमि पर बनाए गए खाद गड्ढे से पूरे वार्ड में बीमारी फैलने की आशंका गहरा गई है। इस संबंध में ग्राम बघमर्रा निवासी कामरतन वर्मा (45 वर्ष) ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खैरागढ़ को लिखित शिकायत देकर तत्काल कार्यवाही की मांग की है।
सार्वजनिक स्थान पर बनाया खाद गड्ढा
आवेदक ने बताया कि अनावेदक गुलाब वर्मा (55 वर्ष) द्वारा गांव की शासकीय एवं सार्वजनिक जगह पर खाद का गड्ढा खोदकर उसमें कचरा और गोबर डाला जा रहा है। बरसात के दिनों में गड्ढे में पानी भर जाने से बदबू फैल रही है और आस-पास के वातावरण में अस्वच्छता का माहौल बन गया है।
पेयजल स्रोत पर खतरा
गांव के वार्ड क्रमांक 07 और 08 में बड़ी संख्या में बस्ती है। वहीं पास में ही ग्रामीणों के लिए एक हैंडपंप भी है, जिसका पानी पीने व घरेलू उपयोग के लिए लिया जाता है। आवेदक का कहना है कि खाद गड्ढे का गंदा पानी हैंडपंप को प्रभावित कर रहा है, जिससे पानी दूषित होने की आशंका है। यह स्थिति गंभीर महामारी जैसे डायरिया, हैजा और अन्य संक्रामक बीमारियों का रूप ले सकती है।
पंचायत रही निष्क्रिय
कामरतन वर्मा ने बताया कि इस विषय पर उसने ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव को भी मौखिक शिकायत दी थी, लेकिन पंचायत स्तर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों की बढ़ती चिंता के बीच अब सीधे प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की जा रही है।
विधायक प्रतिनिधि भी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान खैरागढ़ विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन भी उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीण की समस्या को गंभीर बताते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्यवाही की मांग की।
प्रशासन से अपेक्षा
शिकायत में मांग की गई है कि अनावेदक द्वारा खोदे गए इस खाद गड्ढे को तत्काल पाटने का आदेश जारी किया जाए, ताकि गांव की स्वच्छता और पेयजल सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। प्रतिलिपि की प्रति तहसीलदार खैरागढ़, मुख्य कार्यपालन अधिकारी खैरागढ़ और ग्राम पंचायत सचिव बघमर्रा को भी भेजी गई है।