पुरस्कृत शिक्षकों ने रखी दो सूत्रीय मांग, शिक्षा मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

पुरस्कृत शिक्षकों ने रखी दो सूत्रीय मांग, शिक्षा मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्यपाल एवं राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक कल्याण संघ ने अपनी बहुप्रतीक्षित मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में संघ के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु शर्मा, प्रदेश महामंत्री मुकुंद केशव उपाध्याय एवं प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन शामिल रहे।

मांगों में सेवानिवृत्ति और पदोन्नति प्रमुख

प्रदेशाध्यक्ष विष्णु शर्मा ने मंत्री को अवगत कराया कि पुरस्कृत शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष की जाए। इसके साथ ही उन्हें आउट ऑफ टर्न (पारी बाहर) पदोन्नति का लाभ भी प्रदान किया जाए। शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में यह सुविधा पहले से लागू है और छत्तीसगढ़ में भी ऐसा करने पर शासन पर किसी प्रकार का वित्तीय भार नहीं आएगा।

सम्मानित शिक्षकों की भूमिका

प्रदेश महामंत्री मुकुंद उपाध्याय ने बताया कि हर वर्ष 5 सितंबर को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर राष्ट्रपति एवं राज्यपाल द्वारा शिक्षकों को शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कृत किया जाता है। ऐसे शिक्षकों को विशेष सुविधा मिलना उनके सम्मान के साथ-साथ अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।

शासन से अपील

संघ ने छत्तीसगढ़ शासन से आग्रह किया है कि उनकी दो सूत्रीय मांग शीघ्र पूरी की जाए ताकि पुरस्कृत शिक्षकों को वह सम्मान और सुविधा मिल सके, जिसके वे हकदार हैं।