जिले में साहू समाज का एकता महाकुंभ — 185 ग्रामीण अध्यक्ष और 19 परीक्षेत्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए
00 खैरागढ़ के श्यामसुंदर साहू, छुईखदान के शत्रुहन साहू और गंडई के गोवर्धन साहू बने तहसील अध्यक्ष
खैरागढ़. सामाजिक एकता और संगठन की मिसाल पेश करते हुए जिला साहू संघ का ऐतिहासिक निर्वाचन रविवार को छुईखदान और गंड़ई स्थित साहू सदन में शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष के आदेशानुसार तथा जिला साहू संघ के मार्गदर्शन में हुए इस निर्वाचन में जिलेभर के 185 ग्रामीण अध्यक्षों और 19 परीक्षेत्रीय अध्यक्षों का चयन सर्वसम्मति से किया गया। उल्लेखनीय है कि सभी पदों पर निवादित और निर्विरोध निर्वाचन सम्पन्न हुआ, जो समाज की एकता और आपसी सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है।
तीनों तहसीलों में निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए
जिले की तीनों तहसीलों में भी संगठनात्मक मजबूती का परिचय देते हुए सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन हुआ जिसमें खैरागढ़ तहसील अध्यक्ष — श्यामसुंदर साहू, छुईखदान तहसील अध्यक्ष — शत्रुहन साहू, गंडई तहसील अध्यक्ष — गोवर्धन साहू इन तीनों तहसीलों के अलावा परीक्षेत्रीय स्तर पर भी समाज के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को प्रमुख पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला साहू संघ ने जताया आभार, दिया बधाई संदेश
जिला साहू संघ ने निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग देने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों, निर्वाचन अधिकारियों और समाजसेवियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
संघ ने कहा कि यह निर्वाचन न केवल पद चयन की प्रक्रिया थी, बल्कि समाज में एकता, पारदर्शिता और सहयोग की नई परंपरा स्थापित करने वाला आयोजन था।
जिला अध्यक्ष टीलेश्वर साहू बोले — “समाज की सेवा ही हमारा उद्देश्य”
जिला साहू संघ के अध्यक्ष टीलेश्वर साहू ने कहा कि साहू समाज ने हमेशा से सामाजिक समरसता और सेवा को प्राथमिकता दी है। निर्वाचित पदाधिकारी अब इस परंपरा को और मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित करना, युवाओं को जोड़ना और शिक्षा व रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना हमारा मुख्य लक्ष्य रहेगा।
महामंत्री नुनकरण साहू ने दिया संगठन को आगे बढ़ाने का आह्वान
जिला महामंत्री नुनकरण साहू ने कहा कि यह निर्विरोध निर्वाचन समाज की परिपक्वता और आपसी विश्वास का परिणाम है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष हेमु साहू, गिरधारीलाल साहू, शत्रुहन साहू, लीला साहू, यदु कुमार साहू, गोपाल साहू, बिशेशर साहू, भुवनेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन और कार्यकर्ता मौजूद रहे।