मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह में जिले के 49 शिक्षक सम्मानित
शिक्षक समाज निर्माण की आधारशिला – कलेक्टर
खैरागढ़. शिक्षक दिवस पर जिले में आयोजित गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह में 49 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें 3 शिक्षकों को शिक्षा दीप सम्मान, 6 को शिक्षा दूत सम्मान और शेष 40 शिक्षकों को रजत जयंती पर प्रशस्ति पत्र, श्रीफल व शाल भेंटकर सम्मानित किया गया।
माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा रहीं, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने की। इस अवसर पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी, दिशा समिति के सदस्य भागवत शरण सिंह, आलोक श्रीवास शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तथा जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत और सांस्कृतिक प्रस्तुति
अतिथियों का स्वागत जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी, खंड शिक्षा अधिकारी नीलम राजपूत, रमेंद्र डेडसेना, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी के एल अमेला तथा प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंटकर किया। कन्या शाला की छात्राओं ने राष्ट्रगीत और देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
शिक्षकों की भूमिका पर बल
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की नींव हैं। वे केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि ईमानदार और जिम्मेदार नागरिक भी तैयार करते हैं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में गुरु की अमिट छाप होती है और उन्हीं के आदर्शों पर चलकर हम आगे बढ़ते हैं। विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज और राष्ट्र की प्रगति का श्रेय हमेशा एक अच्छे शिक्षक को जाता है।
सामूहिक भोज और आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता अखिलेश श्रीवास्तव और शिक्षक दुर्गेश वर्मा ने किया। समापन अवसर पर पीएम शक्ति योजना के अंतर्गत सामूहिक भोज का आयोजन हुआ। आभार प्रदर्शन प्राचार्य कमलेश्वर सिंह ने किया। इस अवसर पर सम्मानित शिक्षकों ने संकल्प लिया कि वे शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र की सेवा में सदैव समर्पित रहेंगे