खैरागढ़ पुलिस पर गाज: 10 किलो सोना छोड़ने का मामला, टीआई समेत तीन निलंबित

खैरागढ़ पुलिस पर गाज: 10 किलो सोना छोड़ने का मामला, टीआई समेत तीन निलंबित

खैरागढ़. शनिवार रात गातापार में पुलिस की चेकिंग टीम ने बड़ी लापरवाही करते हुए 10 किलो कच्चा सोना लेकर जा रही कार को कार्रवाई के बाद छोड़ दिया। मामला सामने आने पर पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने गातापार थाना प्रभारी आलोक साहू, एसआई नंदकिशोर वैष्णव और प्रधान आरक्षक तैजान ध्रुव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

बिना दस्तावेज मिला था सोना

मध्यप्रदेश से आ रही कार को जब गातापार के जंगल रास्ते पर चेकिंग पाइंट पर रोका गया, तो सीट के नीचे करीब 10 किलो कच्चा सोना बरामद हुआ। कार सवार व्यापारी सोने से जुड़े किसी भी दस्तावेज को प्रस्तुत नहीं कर सके। बावजूद इसके, स्थानीय व्यापारियों की पैरवी के बाद थाना प्रभारी ने उच्च अधिकारियों को बिना सूचना दिए केवल 2 हजार रुपए का चालान काटकर गाड़ी को छोड़ दिया।

महाराष्ट्र से एमपी और फिर छत्तीसगढ़ पहुँचा सोना

जांच में सामने आया कि सोना महाराष्ट्र से एमपी होते हुए जंगल के रास्ते छत्तीसगढ़ लाया गया। इसे खैरागढ़ के ग्रामीण इलाकों से होते हुए रायपुर तक पहुँचाने की योजना बनाई गई थी। वाहन नंबरों के आधार पर अब आगे की पतासाजी की जा रही है।

विभागीय जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी लक्ष्य शर्मा ने मामले को गंभीर मानते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।