खैरागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : गांजा तस्करों को दबोचा, 8 किलो गांजा समेत वाहन व मोबाइल जप्त
खैरागढ़. जिला केसीजी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने खैरागढ़–पिपरिया बाईपास रोड पर दबिश देकर दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 08 किलोग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 65 हजार रुपये आँकी गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में योगेश तामशकर (29 वर्ष) निवासी ग्राम ठाकुरटोला थाना सोमनी और हिमांशु देशलहरे (19 वर्ष) निवासी मोहंदी थाना भिलाई-3, जिला दुर्ग शामिल हैं। दोनों के खिलाफ थाना खैरागढ़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।