जी रोड पर भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार अर्टिगा कार ट्रक से टकराई, चालक समेत दो की हालत गंभीर

जी रोड पर भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार अर्टिगा कार ट्रक से टकराई, चालक समेत दो की हालत गंभीर
जी रोड पर भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार अर्टिगा कार ट्रक से टकराई, चालक समेत दो की हालत गंभीर

राजनांदगांव. जी रोड पर सोमवार सुबह लगभग 7 बजे राम दरबार के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर पासिंग की अर्टिगा कार (CG 04 PK 8536) तेज रफ्तार में सामने से आ रहे ट्रक (RJ 09 GC 2812) से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कार में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में छह लोग घायल

कार में कुल 6 लोग सवार थे। भीषण टक्कर के कारण कार चालक और उसके बगल में बैठे व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं, उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, कार में बैठे अन्य चार यात्रियों को भी चोटें आईं, हालांकि वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

अस्पताल में जारी है इलाज

घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अटल बिहारी वाजपेई अस्पताल, राजनांदगांव पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार दो घायलों की स्थिति गंभीर है, जिनका इलाज आईसीयू में किया जा रहा है। बाकी चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया गया है।

मौके पर जाम, पुलिस की जांच जारी

हादसे के बाद जी रोड पर कुछ देर तक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक और कार को हटवाया और यातायात बहाल कराया। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है कि टक्कर किसकी लापरवाही से हुई।