गणेश विसर्जन के दौरान विवाद: युवक पर पत्थर से हमला, FIR दर्ज

गणेश विसर्जन के दौरान विवाद: युवक पर पत्थर से हमला, FIR दर्ज

खैरागढ़. गणेश विसर्जन के मौके पर रविवार सुबह थाना क्षेत्र छुईखदान अंतर्गत आने वाले ग्राम विचारपुर में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। यहां एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश को लेकर अपने ही गांव के युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम विचारपुर निवासी लेखराम महार (40 वर्ष) गणेश भगवान की मूर्ति विसर्जन करने तालाब गए थे। विसर्जन के बाद वह अपने सेवक के साथ घर लौट रहे थे, तभी गांव का ही पिताम्बर जंघेल (30 वर्ष) रास्ते में मिला। आरोप है कि पिताम्बर ने लेखराम से कहा कि "तुमने मेरे भाई ओमकार जंघेल के खिलाफ झूठा रिपोर्ट लिखवाया था, अब देखता हूं कौन बचाता है।" इसके बाद उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और पत्थर उठाकर लेखराम के सिर पर जोरदार हमला कर दिया।

हमले से लेखराम लहूलुहान हो गए और किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे। उन्होंने तत्काल अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी और इलाज के लिए सरकारी अस्पताल छुईखदान पहुंचे। अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी और टीम मौके पर पहुंची।

अस्पताल से पुलिस को मिली सूचना

अस्पताल के वार्ड बॉय गुलशन वर्मा ने पुलिस को मेमो दिया कि घायल लेखराम को मारपीट में सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। प्रधान आरक्षक मुनेन्द्र सिंह ठाकुर ने अस्पताल पहुंचकर घायल का मुलाहिजा करवाया और फिर उसकी शिकायत पर FIR दर्ज की।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी पिताम्बर जंघेल पिता बुधराम जंघेल, निवासी विचारपुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (गाली-गलौज), 115(2) (हत्या का प्रयास) और 351(3) (गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

घायल की रिपोर्ट

लेखराम महार ने अपनी शिकायत में कहा कि घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी है। आरोपी ने उन्हें मां-बहन की गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए पत्थर से हमला किया। घायल ने बताया कि उसके सिर से खून बहने लगा और दर्द असहनीय था। यदि वह समय पर वहां से नहीं भागते तो आरोपी डंडे से और गंभीर हमला कर सकता था।

पुलिस की कार्रवाई

थाना छुईखदान पुलिस ने FIR क्रमांक 322/2025 दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।