हरितालिका तीज महोत्सव एवं सम्मान समारोह में दिखी समाज की एकता और उत्साह

हरितालिका तीज महोत्सव एवं सम्मान समारोह में दिखी समाज की एकता और उत्साह

खैरागढ़. तहसील साहू संघ खैरागढ़ के साहू सदन, सोनेसरार में रविवार को हरितालिका तीज महोत्सव एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जिला, तहसील एवं नगर साहू संघ के मार्गदर्शन तथा महिला प्रकोष्ठ के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधु, पदाधिकारी, महिलाएं एवं युवा शामिल हुए।

मुख्य व विशिष्ट अतिथि रहे शामिल

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नवनिर्वाचित छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू उपस्थित रहे। वहीं प्रमुख अतिथि के रूप में खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार ने शिरकत की।

अध्यक्षता जिला साहू संघ के अध्यक्ष टीलेश्वर साहू और समाजसेवी अंजनी साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी और पदाधिकारी मौजूद रहे।

माता कर्मा की आरती से हुई शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ माता कर्मा के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना से किया गया। इसके बाद आरती एवं ध्वजारोहण हुआ। मंच पर आए सभी अतिथियों का पुष्पहार, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

महिलाओं ने दिखाया उत्साह

महिला प्रकोष्ठ की अगुवाई में सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। कबड्डी, कुर्सी दौड़, गोली-चम्मच, मटका फोड़, आलू दौड़, जलेबी दौड़, रंगोली एवं रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मंच से भी महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व की सराहना की गई।

पुरस्कार वितरण और समापन

शाम को विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक उत्साह और समाजहित के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला साहू संघ, तहसील एवं नगर साहू संघ के समस्त पदाधिकारी, ग्रामीण एवं स्वजातीय बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।