साहू समाज चुनाव : टीलेश्वर साहू vs बिशेसर की सीधी लड़ाई
खैरागढ़. केसीजी जिले के साहू समाज में त्रिवार्षिक आम चुनाव 2025 को लेकर चुनावी हलचल चरम पर है। इस बार समाज के दो मजबूत पैनलों के बीच अध्यक्ष पद को लेकर सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। एक ओर वर्तमान अध्यक्ष टीलेश्वर साहू अपने पूरे पैनल के साथ मैदान में हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा संगठन के जिला अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू भी मजबूत टीम के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों पक्षों ने समाजजनों से मतदान कर अपने-अपने पैनल को आशीर्वाद देने की अपील की है।
टीलेश्वर साहू पैनल: वर्तमान नेतृत्व पर भरोसा जताने की अपील
वर्तमान अध्यक्ष टीलेश्वर साहू (मुकुंदी खपरी) ने अपने पैनल को दोबारा जिताने की अपील करते हुए कहा है कि समाज के संगठनात्मक विकास और निरंतरता के लिए उनका अनुभव उपयोगी साबित होगा। उनके पैनल में उपाध्यक्ष पद के लिए रामबिलास साहू (हनईबन), संगठन सचिव पद के लिए अशोक साहू (कुकुरमुड़ा) और महिला संगठन सचिव पद के लिए प्रमिला धनसिंह साहू (ठेलकाडीह) शामिल हैं। पैनल ने समाज के सभी मतदाताओं से एकजुटता बनाकर मतदान में भाग लेने की अपील की है।
बिशेसर साहू पैनल: नए नेतृत्व और नई दिशा का दावा
वहीं दूसरी तरफ डॉ. बिशेसर साहू (ग्राम झीकादाह), जो वर्तमान में भाजपा संगठन के जिला अध्यक्ष भी हैं, समाज को नई दिशा और नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से अपने पैनल के साथ चुनाव मैदान में हैं। उनके पैनल में उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी हेमंत साहू (शिक्षक, बोरई), पुरुष संगठन सचिव पद के प्रत्याशी रामावतार साहू ‘रामा’ (गोकना) और महिला संगठन सचिव पद की प्रत्याशी ललिता दूर्जन साहू (गातापारकला) शामिल हैं। इस पैनल का दावा है कि समाज की सेवा और संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय और प्रतिबद्ध टीम की आवश्यकता है।
10 दिसंबर को साहू सदन में मतदान, पहचान पत्र जरूरी
निर्वाचन 10 दिसंबर 2025 को साहू सदन, सोनेसरार-खैरागढ़ में संपन्न होगा। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। समाजजनों से मतदान के लिए आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र साथ लाने का अनुरोध किया गया है। दोनों पैनलों के सक्रिय प्रचार के कारण गांवों और मोहल्लों में चुनावी माहौल खासा गर्म है, और समाज के भीतर पुराने नेतृत्व के अनुभव तथा नए नेतृत्व की संभावनाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
अब निर्णय समाज के मतदाता भाई-बहनों के हाथ में है कि वे वर्तमान नेतृत्व को पुनः जिम्मेदारी सौंपते हैं या फिर नई दिशा और नई ऊर्जा के साथ डॉ. बिशेसर साहू के पैनल को मौका देते हैं। चुनाव का परिणाम समाज की एकजुटता और भविष्य की दिशा निर्धारित करेगा।