गणेश विसर्जन में खूनी संघर्ष, युवक की मौत – खैरागढ़ में मचा हड़कंप

गणेश विसर्जन में खूनी संघर्ष, युवक की मौत – खैरागढ़ में मचा हड़कंप

सांस्कृतिक भवन के पास कहासुनी के बाद चाकूबाजी, आरोपी फरार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी

खैरागढ़. गणेश विसर्जन का उत्सव सोमवार सुबह खून से लाल हो गया। दाऊचौरा विसर्जन स्थल पहुँचने के कुछ पहले सांस्कृतिक भवन के पास दो युवकों के बीच कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने 21 वर्षीय दीपक यादव, पिता स्व. रमेश यादव, निवासी दाऊचौरा पर चाकू से हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रातभर डीजे की धुन पर नाच-गाना चलता रहा। लेकिन सुबह-सुबह माहौल बदल गया और मामूली बहस ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोपी युवक ने दीपक को कमर और हाथ में चाकू से वार कर लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल दीपक मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

आसपास मौजूद लोग उसे तत्काल मोटरसाइकिल से सिविल अस्पताल खैरागढ़ ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

फिलहाल आरोपी युवक फरार है और उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विसर्जन में शामिल युवाओं से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सिविल अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।