खैरागढ़ में बुलडोजर एक्शन : सड़क और बाजारों से हटा अतिक्रमण, अवैध ढांचे जमींदोज
खैरागढ़. लंबे समय से सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर फैले अतिक्रमण के खिलाफ आखिरकार प्रशासन ने शनिवार को सख्त कार्रवाई की। सुबह से ही अनुविभागीय अधिकारी टंकेश्वर प्रसाद साहू के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की शुरुआत की।
टेम्पो चौक से गोलबाजार तक चला अभियान
कार्यवाही की शुरुआत टेम्पो चौक से हुई। इसके बाद पुराना बस स्टैंड, मस्जिद चौक, गोलबाजार, बख्शी मार्केट और इतवारी बाजार तक अभियान फैलाया गया। सड़क किनारे लगे ठेले, दुकानों के बाहर बढ़ाए गए टीन शेड, छज्जे, तिरपाल और प्रचारक बोर्डों को हटाया गया। जहां कब्जाधारियों ने खुद अतिक्रमण नहीं हटाया, वहां बुलडोजर चलाकर अवैध ढांचे ध्वस्त कर दिए गए।
प्रशासनिक अमला और पुलिस रही मुस्तैद
कार्रवाई के दौरान एसडीएम साहू के साथ तहसीलदार आशीष देवहारी, सीएमओ कोमल ठाकुर, राजस्व अमला, नगर पालिका के कर्मचारी, पुलिस बल और यातायात विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। जेसीबी मशीनों के साथ पूरी टीम ने सख्ती से अतिक्रमण हटवाया। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और हालात पर नजर रखी।
दुकानदारों में हलचल, भीड़ ने देखा बुलडोजर एक्शन
जैसे ही प्रशासनिक टीम बाजार में पहुंची, दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। कई व्यापारियों ने खुद से कब्जा हटाया, जबकि कुछ जगह बुलडोजर चलाना पड़ा। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ दूर खड़े होकर कार्रवाई देखती रही। कई लोगों ने कहा कि यह कदम त्योहारों से पहले बेहद जरूरी था, ताकि जाम और हादसों की आशंका को रोका जा सके।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए आगे भी इसी तरह अभियान चलाया जाएगा।