रोडअतरिया में शिक्षक दंपति की निर्मम हत्या — खेत से भागते हुए आरोपी गिरफ्तार
खैरागढ़. गंडई क्षेत्र के रोडअतरिया गांव में आज तड़के एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां भदेड़ा मिडिल स्कूल के शिक्षक बाबूलाल सोरी (55 वर्ष) और उनकी पत्नी सुनती बाई सोरी (50 वर्ष) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। यह वारदात सुबह लगभग 5 बजे की बताई जा रही है।
घटना के समय घर में पति-पत्नी ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि सोरी दंपति के दो बेटे हैं — बड़ा बेटा भिलाई में पढ़ाई करता है जबकि छोटा बेटा खैरागढ़ में अध्ययनरत है। उनकी एक बेटी की शादी हो चुकी है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या का आरोपी भगवती मरकाम पिता बल्लू मरकाम, निवासी रोडअतरिया, घटना के बाद मौके से भागने की फिराक में था, लेकिन सतर्क पुलिस ने उसे खेत में पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने दंपति पर धारदार हथियार से हमला किया था, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि “हत्या के पीछे आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।”
ग्रामीणों ने बताया कि बाबूलाल सोरी एक शांत स्वभाव के शिक्षक थे, जो कई वर्षों से भदेड़ा मिडिल स्कूल में पदस्थ थे और समाज में उनकी सदाचारिता व ईमानदारी के लिए पहचान थी।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की विवेचना जारी है। स्थानीय लोग दंपति की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।