नवनिर्वाचित सरपंचों के प्रथम बैच का प्रशिक्षण प्रारम्भ, जनप्रतिनिधियों ने वृक्षारोपण कर दिया संदेश
खैरागढ़. जिले के नवनिर्वाचित सरपंचों के लिए तीन दिवसीय प्रथम प्रशिक्षण सत्र का आगाज सोमवार देवारीभाट स्थित डीपीआरसी भवन में हुआ। दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, कलेक्टर इंद्रजीत एस. चन्द्रवाल एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुई। सत्र का शुभारम्भ अतिथियों ने भवन प्रांगण में “माँ के नाम एक पेड़” अभियान के तहत वृक्षारोपण से किया। इसके पश्चात महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर प्रशिक्षण का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
खैरागढ़ एवं छुईखदान विकासखंडों से आए कुल 30 सरपंच इस प्रथम बैच में शामिल हुए हैं। उनका प्रशिक्षण एक से तीन सितंबर तक चलेगा। उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी नवनिर्वाचित सरपंचों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रशिक्षण से पंचायत राज व्यवस्था की गहराई को समझकर ग्रामीणों के हित में ठोस कार्य किए जा सकते हैं। उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए सरपंचों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने की प्रेरणा दी। उन्होंने जिला प्रशासन और जिला पंचायत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर जिले को विकास की नई दिशा देंगे।
कलेक्टर इंद्रजीत एस. चन्द्रवाल ने कहा कि नवनिर्मित डीपीआरसी भवन संसाधन केंद्र के रूप में सरपंचों को सशक्त बनाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण से ग्रामीण अंचल के विकास कार्यों में तेजी आएगी।
इस अवसर पर अरुणा सिंह बनाफर, पूर्व सभापति घम्मन साहू, सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, जनपद अध्यक्ष खैरागढ़ राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी, जनपद अध्यक्ष छुईखदान पुष्पा प्रकाश वर्मा, दोनों जनपदों के उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं पंचायत विभाग के अधिकारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।