खैरागढ़ पुलिस की सख्त मुहिम : शराबियों की थाने में परेड, नशे पर लिखवाया निबंध
खैरागढ़. जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने नशे और हुड़दंगियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। थाना खैरागढ़ क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हंगामा करने वाले करीब 100 लोगों को पकड़कर थाने में परेड कराई गई।
थाने में सभी को पुलिस ने कड़ी चेतावनी दी और नशे के दुष्प्रभावों पर निबंध लिखवाया, ताकि उनमें जागरूकता आए और भविष्य में इस तरह की हरकतें न करें।
इसी दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले 25 व्यक्तियों के खिलाफ भी कोटपा एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे नशे से दूर रहें और समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।