नेशनल स्कूल में शिक्षक सम्मान समारोह, खैरागढ़ कॉलेज के लाल जे.के. वैष्णव हुए सम्मानित

नेशनल स्कूल में शिक्षक सम्मान समारोह, खैरागढ़ कॉलेज के लाल जे.के. वैष्णव हुए सम्मानित

खैरागढ़. नेशनल स्कूल ऑफ एजुकेशन, भुलाटोला खैरागढ़ में शिक्षक सम्मान समारोह 2025 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खैरागढ़ कॉलेज के प्राध्यापक लाल जे.के. वैष्णव उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता डॉ. उमेद चंदेल ने की। कार्यक्रम का संचालन नेशनल स्कूल के संचालक मनोहर सोनवानी ने किया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

समारोह की शुरुआत मां सरस्वती और भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्वागत गीत के माध्यम से अभिनंदन किया गया।

"मां होती हैं प्रथम गुरु"

अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि लाल जे.के. वैष्णव ने कहा कि जीवन की पहली गुरु मां होती हैं, जो जन्म के बाद चलना, बोलना और संस्कार सिखाती हैं। इसके बाद विद्यालय और महाविद्यालय के शिक्षक जीवन को सही दिशा में मार्गदर्शन देकर छात्रों को एक अच्छा नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का स्तंभ बताया।

नैतिक शिक्षा पर जोर

डॉ. उमेद चंदेल ने गीत और सरल भाषा के माध्यम से नैतिक शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक न केवल विषयों का ज्ञान देते हैं, बल्कि जीवन जीने की कला और मूल्य भी सिखाते हैं।

मोमेंटो और उपहारों से हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि लाल जे.के. वैष्णव और डॉ. उमेद चंदेल को शाला परिवार की ओर से मोमेंटो व प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। छात्रों और अभिभावकों ने भी समस्त शिक्षकों को उपहार और पुष्प भेंट किए।

समारोह में रही विशेष उपस्थिति

इस अवसर पर पुष्पा तिवारी, नीलम भारती, रीमा महोबिया, प्रियंका सेन, प्रीति निषाद, अंजू गोस्वामी, दिव्या महोबे, मधु वर्मा और प्रमोद बंजारे सहित बड़ी संख्या में पालकगण और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संचालक मनोहर सोनवानी ने सभी अतिथियों, पालकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।