सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत, गांवों में छाया मातम

सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत, गांवों में छाया मातम

खैरागढ़ . थाना साल्हेवारा क्षेत्र के ग्राम नचनिया टोला स्कूल के पास सोमवार शाम लगभग 6 बजे हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम मुण्डाटोला निवासी धनुष नेताम अपने परिजनों के साथ ग्राम कोयलारझोरी में नहावन कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एएल 5717 की टक्कर सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल सीजी 08 एएक्स 5287 से हो गई, जिसे ग्राम नचनिया निवासी जल सिंह मेरावी चला रहा था।

भीषण टक्कर, मौके पर ही मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।

पुलिस ने की कार्रवाई

ग्रामीणों की सूचना पर साल्हेवारा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को शासकीय अस्पताल साल्हेवारा के शीतघर में रखवाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

गांवों में मातम

अचानक हुई इस घटना से मृतक युवकों के परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।