गणेश विसर्जन हत्याकांड: पुलिस ने नाबालिग आरोपी को लिया अभिरक्षा में
पुरानी रंजिश के चलते दीपक यादव की हत्या, किशोर न्यायालय में होगी पेशी
खैरागढ़. गणेश विसर्जन के दौरान हुई चाकूबाजी में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में ले लिया है। अब उसे किशोर न्यायालय में पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेजा जाएगा।
झांकी के बीच हुआ खूनी खेल
जानकारी अनुसार 7 सितम्बर की रात दाऊचौरा गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश विसर्जन की झांकी निकाली गई थी। यह जुलूस ईतवारी बाजार से होकर 8 सितम्बर की सुबह करीब 5 बजे सांस्कृतिक भवन, मेन रोड तुरकारी पारा पहुंचा। इसी दौरान दीपक यादव (21 वर्ष) अपने साथियों संग नृत्य कर रहा था।
उसी समय आरोपी नाबालिग ने पुरानी रंजिश के चलते दीपक पर पीछे से लगातार चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल दीपक को राहगीरों ने सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए खैरागढ़ थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे अभिरक्षा में ले लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी नाबालिग होने के कारण उसकी फोटो और वीडियो सार्वजनिक नहीं की जाएगी।