शासकीय प्राथमिक शाला पुरेना के बच्चों ने हर्षोल्लास से मनाया शिक्षक दिवस
खैरागढ़. शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला पुरेना (संकुल केन्द्र घिरघोली, विकासखंड छुईखदान, जिला केसीजी) में बच्चों ने अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए यादगार कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षा विद एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की छायाचित्र पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना से हुई। प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन ने बच्चों को डॉ. राधाकृष्णन के जीवन और संघर्षों की प्रेरणादायी कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि कैसे एक सामान्य परिवार से निकलकर शिक्षा के बल पर वे देश के राष्ट्रपति पद तक पहुँचे। इस दौरान बच्चों की जिज्ञासा बनाए रखने के लिए प्रश्नोत्तरी भी कराई गई।
बच्चों ने अपने शिक्षकों को ग्रीटिंग कार्ड, गुलदस्ते और छोटे-छोटे उपहार भेंट कर सम्मान व्यक्त किया। कक्षा को गुब्बारों और फूलों से सजाया गया, वहीं बच्चों ने चॉकलेट और बिस्कुट से केक भी तैयार किया। कार्यक्रम में कक्षा पहली से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रधान पाठक तुलेश्वर सेन ने विद्यार्थियों को प्रतिदिन घर में पढ़ाई करने और माता-पिता व गुरुजनों की बातों का पालन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें, तो वे भी डॉ. राधाकृष्णन की तरह समाज में सम्मान का स्थान पा सकते हैं।