मुढ़ीपार में होगी दलहन-तिलहन फसलों की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर होगी

मुढ़ीपार में होगी दलहन-तिलहन फसलों की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर होगी

00 दलहन-तिलहन फसलों की एमएसपी पर खरीदी के लिए पंजीयन शुरू, 28 फरवरी 2026 तक करा सकेंगे किसान

खैरागढ़. किसानों को स्थानीय बाजार में कम दाम मिलने से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के तहत प्राइस सपोर्ट स्कीम के जरिए जिले में दलहन व तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू की जा रही है। अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, सोयाबीन, चना, मसूर और सरसों फसल बोने वाले किसान 1 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन करा सकेंगे। पंजीयन के लिए ऋण पुस्तिका, पी-02, आधार कार्ड और बैंक पासबुक की प्रति जमा करनी होगी। जिले के लिए अतरिया, मुढ़ीपार और गंडई को उपार्जन केंद्र के रूप में अधिसूचित किया गया है।

एमएसपी घोषित, उपार्जन तिथियाँ तय—किसानों को मिलेगा न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ

योजना के तहत उपार्जन का विस्तृत कैलेंडर भी जारी किया गया है। 1 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक मूंग, उड़द और सोयाबीन; 15 फरवरी 2025 से 15 मई 2026 तक अरहर और सरसों; तथा 1 मार्च 2025 से 30 मई 2026 तक चना और मसूर की खरीदी की जाएगी। प्रति एकड़ उपार्जन सीमा अरहर, मूंग व उड़द के लिए 3 क्विंटल, सोयाबीन 5 क्विंटल, मूंगफली 7 क्विंटल, चना 6 क्विंटल, मसूर 2 क्विंटल और सरसों 5 क्विंटल तय की गई है। केंद्र सरकार द्वारा अरहर का एमएसपी 8000 रु., मूंग 8768 रु., उड़द 7800 रु., सोयाबीन 5328 रु., चना 5875 रु., मसूर 7000 रु. और सरसों 6500 रु. प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि समय पर पंजीयन कर योजना का लाभ अवश्य लें।