केसीजी पुलिस की अनूठी पहल : दस लाख के 80 से अधिक गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए गए

केसीजी पुलिस की अनूठी पहल : दस लाख के 80 से अधिक गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए गए
केसीजी पुलिस की अनूठी पहल : दस लाख के 80 से अधिक गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए गए

खैरागढ़. जिले के आम नागरिकों के लिए मंगलवार का दिन खास साबित हुआ, जब पुलिस अधीक्षक कार्यालय केसीजी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गुम हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए गए। पुलिस की इस पहल से न सिर्फ लोगों के चेहरे खिल उठे बल्कि पुलिस के प्रति उनकी धारणा में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिला।

दस लाख से अधिक कीमत के मोबाइल की रिकवरी

पिछले छह माह के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 80 से अधिक मोबाइल फोन गुम हो गए थे। इनमें से कई फोन महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उड़ीसा जैसे दीगर राज्यों तक जा पहुंचे थे, वहीं कुछ जिले के नक्सल प्रभावित और दूरस्थ गांवों से भी बरामद किए गए। केसीजी पुलिस की तकनीकी टीम ने अथक प्रयास कर इन मोबाइल फोनों को रिकवर किया, जिनकी कुल कीमत करीब दस लाख रुपये आंकी गई है।

उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे खिले

कार्यक्रम के दौरान जब मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे गए तो कई लोग भावुक हो उठे। अधिकांश का कहना था कि उन्होंने अपने गुम मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद ही छोड़ दी थी। किसी ने नया मोबाइल खरीद लिया था, तो कुछ ऐसे भी लोग थे जो आर्थिक तंगी के कारण दूसरा मोबाइल नहीं खरीद पाए थे। ऐसे में पुलिस के हाथों अपना पुराना मोबाइल वापस पाकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक और टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से भी मिली सफलता

मोबाइल रिकवरी की यह प्रक्रिया पुलिस के लिए आसान नहीं थी। नक्सल प्रभावित इलाकों और राज्य की सीमाओं तक पहुंचे मोबाइल फोन बरामद करना एक बड़ी चुनौती थी। बावजूद इसके, पुलिस ने तकनीक और सतत प्रयास के दम पर इस काम को अंजाम दिया और समाज में विश्वास की एक नई मिसाल पेश की।

पुलिस की भरोसेमंद छवि

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना और गुम संपत्ति वापस लौटाना पुलिसिंग का अहम हिस्सा है। आगे भी गुम मोबाइल की रिकवरी अभियान इसी तरह चलाया जाएगा ताकि लोगों का भरोसा कायम रहे।